बिहार के पूर्णिया जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने एनकाउंटर में कुख्यात डकैत सुशील मोची को मार गिराया है। घटना बायसी थाना क्षेत्र के ताराबाड़ी के समीप की है। मारे गए डकैत पर बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और डकैती जैसे संगीन अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज थे। बिहार पुलिस ने उसके ऊपर दो लाख का ईनाम रखा था।
एनकाउंटर की पूरी घटना
पुलिस के मुताबिक, सुशील मोची पिछले साल जनवरी में जेल से छूटने के बाद लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसका पैतृक घर रौटा के अन्नगढ़ इलाके में है, लेकिन वह बंगाल में शिफ्ट होकर वहीं से अपना गैंग संचालित करता था। शुक्रवार देर रात पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में उसे मुठभेड़ में मार गिराया गया।
बायसी एसडीपीओ आदित्य कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। घटनास्थल पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में था शामिल
सुशील मोची पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। वह न केवल बिहार बल्कि बंगाल पुलिस के लिए भी सिरदर्द बना हुआ था। दोनों राज्यों की पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही थी।
डाकू बाबर का भी हुआ था एनकाउंटर
गौरतलब है कि इसी बायसी थाना क्षेत्र में दो महीने पहले कुख्यात डकैत बाबर का भी एनकाउंटर किया गया था। बाबर भी बंगाल में शरण लेकर वहां से गैंग संचालित कर रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध पर लगाम लगाने की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘Gaam Ghar’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM, X, Whatsapp Channel और Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।