विश्व हिंदी दिवस 2025: हिंदी के वैश्विक गौरव का उत्सव
दुबई : हर साल 10 जनवरी को दुनियाभर में ‘विश्व हिंदी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य हिंदी भाषा की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक योगदान और वैश्विक महत्व को रेखांकित करना है। भारत सहित अन्य देशों में भी यह दिन बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है।
डॉ. हृदयेश कुमार का संदेश:
अखिल भारतीय मानव कल्याण ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. हृदयेश कुमार ने दुबई की Beriot Watt University में आयोजित कार्यक्रम में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी भारत की राष्ट्रभाषा ही नहीं, बल्कि भारत और उसके पड़ोसी देशों में व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषा है। यह दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। डॉ. कुमार ने यह भी बताया कि हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है।
हिंदी दिवस का इतिहास:
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1975 में नागपुर में पहला विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित किया था, जिसमें 30 देशों के 122 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इसका उद्देश्य हिंदी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना था। इसके बाद 2006 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने हर साल 10 जनवरी को ‘विश्व हिंदी दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की। वहीं, 14 सितंबर को ‘राष्ट्रीय हिंदी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
इस वर्ष का विषय:
विश्व हिंदी दिवस 2025 का विषय ‘एकता और सांस्कृतिक गौरव की वैश्विक आवाज’ रखा गया है। इस थीम के तहत हिंदी को भाषाई और अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान का माध्यम बनाने पर जोर दिया गया है।
कार्यक्रम और आयोजन:
दुनियाभर में सेमिनार, वर्कशॉप, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डिजिटल युग में हिंदी की बढ़ती उपस्थिति और प्रभाव को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। हिंदी साहित्य, पत्रकारिता और सोशल मीडिया में इसके बढ़ते दायरे का भी उत्सव मनाया जा रहा है।
हिंदी का बढ़ता प्रभाव:
संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिंदी में दिए गए भाषणों पर दुनिया की प्रशंसा से यह स्पष्ट है कि हिंदी अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। यह एक वैश्विक भाषा बन गई है। डॉ. हृदयेश ने संदेश दिया कि हिंदी बोलने में गर्व महसूस करें और इसे अपनी सांस्कृतिक पहचान के रूप में आत्मसात करें।
हिंदी दिवस न केवल हमारी भाषा बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का अवसर है। यह दिन हमें हिंदी के महत्व को समझने और इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘Gaam Ghar’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM, X, Whatsapp Channel और Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।