बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपनी माता स्वर्गीय परमेश्वरी देवी की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर अपने पैतृक गांव कल्याणबीघा पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ बिहार के राज्यपाल मो. आरिफ खान और सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री एवं विधायक भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अपने गांव स्थित स्वर्गीय राम लखन सिंह वैद्य स्मृति वाटिका में अपनी माता की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने उमड़ी भीड़
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल की एक झलक पाने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे गांव में चाक-चौबंद व्यवस्था देखी गई ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
मंत्री और विधायकों की मौजूदगी
पुण्यतिथि के अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ मंत्री और विधायक मौजूद थे। इनमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक जितेंद्र कुमार और कौशल किशोर का नाम प्रमुख है। कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार, जिलाध्यक्ष मो. अरशद, बिहारशरीफ अध्यक्ष गुलरेज अंसारी और मुख्य प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव सहित पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेता भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने जताई संवेदनाएं
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी मां के आदर्श और शिक्षाएं आज भी उनके जीवन का मार्गदर्शन करती हैं। इस अवसर पर उन्होंने कल्याणबीघा और आसपास के ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति
कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए, जिनमें पूर्व अध्यक्ष बनारस प्रसाद सिन्हा, अतिपिछड़ा अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी, विकास कुमार, रोहित कुमार, विजय कुमार सिंह और हरनौत अध्यक्ष रविकांत कुमार प्रमुख हैं। इसके अलावा डॉ. वसुंधरा कुमारी और जयप्रकाश कुमार मंगलम सहित कई अन्य स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि के बाद पटना रवाना
श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल मो. आरिफ खान वापस पटना के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर कल्याणबीघा गांव में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति को अपने लिए एक यादगार पल बताया।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘Gaam Ghar’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM, X, Whatsapp Channel और Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।