समस्तीपुर/विभूतिपुर : प्रखंड के भुसवर पंचायत के शाहपुर लिटियाही वार्ड संख्या 09 निवासी अमीन राजाराम महतो और शिक्षिका कुमारी संजू के द्वितीय पुत्र धर्मवीर भारती का चयन बिहार राज्य में प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) के पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र और परिवार में हर्ष की लहर है। पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर धर्मवीर ने अपने गांव और जिले का नाम रौशन किया है। इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
शैक्षणिक यात्रा: संघर्ष और सफलता की कहानी : धर्मवीर भारती की प्रारंभिक शिक्षा उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसौना भुसवरी से हुई। इसके बाद उन्होंने दसवीं की परीक्षा सेंट पॉल स्कूल, समस्तीपुर से उत्तीर्ण की। उच्च माध्यमिक शिक्षा (12वीं) आंध्र प्रदेश से पूरी करने के बाद उन्होंने उत्तराखंड से स्नातक (यूजी) की पढ़ाई की। इसके पश्चात, उन्होंने बिहार कृषि विश्वविद्यालय, भागलपुर से कृषि विज्ञान में स्नातकोत्तर (पीजी) की डिग्री प्राप्त की।
पिता से मिली प्रेरणा, माता-पिता का रहा सहयोग : धर्मवीर के पिता राजाराम महतो एक ग्रामीण अमीन हैं और उनका गहरा लगाव कृषि से है। पिता से प्रेरणा पाकर धर्मवीर ने कृषि के क्षेत्र में करियर बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ने हर कदम पर उनका साथ दिया और उनका हौसला बढ़ाया। धर्मवीर के बड़े भाई लोको पायलट के रूप में सिकंदराबाद में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता एक शिक्षिका हैं।
कृषि क्षेत्र में बेहतरी लाने का लक्ष्य : धर्मवीर भारती का सपना कृषि सेवा में उत्कृष्ट कार्य करते हुए किसानों को नई-नई तकनीकों से परिचित कराना है। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में लोग कृषि से दूरी बना रहे हैं, जबकि यह हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने लोगों से कृषि क्षेत्र में आगे आने की अपील की। उनका उद्देश्य किसानों को जागरूक कर उन्हें उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी देना और इस क्षेत्र में नए अनुसंधान करना है।
गांव-समाज में खुशी की लहर, बधाइयों का तांता : धर्मवीर के प्रखंड कृषि पदाधिकारी पद पर चयन होने की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक केशव बाबू, मुखिया रंजीत कुमार महतो, पूर्व मुखिया शिवानी प्रसाद सिंह, अधिवक्ता रामकुमार महतो, महेंद्र महतो, अमरजीत कुमार, प्रभात कुमार, नोखेलाल महतो सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने धर्मवीर की सफलता पर खुशी जताई और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
धर्मवीर की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि अगर मेहनत और लगन से प्रयास किया जाए, तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘Gaam Ghar’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM, X, Whatsapp Channel और Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।