
बिहार के शिक्षा विभाग ने रमजान के पवित्र महीने में मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। शिक्षा विभाग ने मुस्लिम टीचरों और कर्मचारियों के कार्यालय समय में बदलाव करते हुए उन्हें एक घंटा पहले छुट्टी देने का आदेश जारी किया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पत्र भेजा है। पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारी, अधिकारी और शिक्षक अपने निर्धारित समय से एक घंटा पहले कार्यालय में आ सकते हैं और एक घंटा पहले घर जा सकते हैं। यह फैसला उन सभी मुस्लिम कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है जो रमजान के महीने में रोजा रखते हैं।
शिक्षक संगठनों की लंबे समय से यह मांग रही थी कि राज्य के प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और अन्य सरकारी स्कूलों में कार्यरत मुस्लिम शिक्षकों एवं कर्मचारियों को रमजान के दौरान एक घंटा पहले छुट्टी दी जाए। इस मांग को ध्यान में रखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने समय-सारणी में यह बदलाव किया है।

आदेश के अनुसार, मुस्लिम शिक्षक और कर्मचारी, जो रोजा रखते हैं, अब अपने कार्यालय में नियमित समय से एक घंटा पहले आकर और एक घंटा पहले घर जा सकेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रमजान के महीने में रोजा रखने वाले मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों को उनकी धार्मिक आवश्यकताओं के अनुरूप सहूलियत मिल सके।
इस फैसले का स्वागत करते हुए शिक्षक संगठनों ने सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि यह कदम न केवल मुस्लिम कर्मचारियों की सुविधा के लिए है, बल्कि उनके धार्मिक आस्था का सम्मान भी करता है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘Gaam Ghar’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM, X, Whatsapp Channel और Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।
