समस्तीपुर: सवर्ण मोर्चा समस्तीपुर की एक बैठक अधिवक्ता प्रभात कुमार सिंह के आवास पर आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सवर्ण मोर्चा के जिला अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद सिंह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के विस्तार और मजबूती पर चर्चा करना था। साथ ही, भारत रत्न बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक के दौरान अधिवक्ता प्रभात कुमार को विधि प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस मौके पर उन्हें सवर्ण रत्न सम्मान से भी सम्मानित किया गया। संगठन ने आशा व्यक्त की कि प्रभात कुमार अपने कर्तव्यों का सजगता और जागरूकता के साथ निर्वहन करेंगे।
जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारत के संविधान सभा की ड्राफ्टिंग कमिटी के अध्यक्ष थे। बाबा साहेब ने शिक्षा, समानता और सामाजिक सुधारों के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने संविधान को भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका को शक्ति और संरक्षण प्रदान करता है।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने बाबा साहेब के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर संगठन के विस्तार और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में संयोजक किशोरी सिंह, सुधाकर सिंह, डॉ. आरके दिवाकर, रानी संजीवन, रवि रंजन झा, स्मिता कुमारी, दीप्ती कुमारी, संजय सिंह, शिवचंद्र सिंह और कृष्ण कांत झा समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सवर्ण मोर्चा के सदस्यों ने बाबा साहेब के आदर्शों और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘Gaam Ghar’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM, X, Whatsapp Channel और Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।